
संजय हत्याकांड: मां-बेटे गिरफ्तार, फरार आरोपी की तलाश में दबिश
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना गढ़मुक्तेश्वर पुलिस ने क्षेत्र के नयागांव में पिछले सोमवार को दिनदहाड़े हुई संजय वाल्मीकि की हत्या के मामले में हत्यारोपी पत्नी को भी गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले पुलिस सौतेली पुत्र को गिरफ्तार कर चुकी है। हालांकि एक आरोपी अभी भी पुलिस गिरफ्त से बाहर है जिसे पकड़ने के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पिछले सोमवार को नयागांव के रहने वाले संजय वाल्मीकि की ईंट से पीट-पीट कर हत्या कर दी गई थी। इस वारदात के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो पता चला कि संजय वाल्मीकि की पत्नी की करीब चार साल पहले कैंसर के कारण मौत हो गई थी। पहली पत्नी से उसके दो बेटे और एक बेटी हैं। इसी बीच उसके साले की भी मौत हो गई जिसके बाद उसने अपने साले की विधवा पत्नी नन्ही से दूसरी शादी कर ली। इसके बाद से ही संजय के साथ नन्ही रहने लगी। संजय की मौत से करीब 10 दिन पहले नन्ही के दो बेटे मोहित और सोनित भी यहां आकर रहने लगे थे। सोमवार को खून से लथपथ जब घर के आंगन में चारपाई पर संजय का शव पड़ा देखा तो परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने मामले में संजय के पुत्र की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस पूछताछ से पता चला कि नन्ही के पुत्र मृतक संजय की संपत्ति में हिस्सा मांग रहे थे जिसका विरोध करने पर संजय की डंडों व ईंट से वार कर हत्या कर दी थी। पुलिस ने मामले में चार दिन पहले मोहित को गिरफ्तार कर लिया था जबकि पत्नी नन्ही और दूसरा आरोपी सोनित फरार चल रहे थे। शुक्रवार की रात को पुलिस ने बृजघाट के पास चैकिंग के दौरान नन्ही को भी गिरफ्तार कर लिया। फरार आरोपी की तलाश जारी है।
दमदार ई-रिक्शा के साथ पाएं उचित दामों पर सभी एसेसरीज मुफ्त व लोन फीस फ्री: 7906867483





























