
हापुड़, सीमन/अमित कुमार (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना बाबूगढ़ कोतवाली पुलिस ने 13 जनवरी की सुबह गांव उपेड़ा में मिली अज्ञात लाश के मामले में खुलासा कर आरोपी को दबोच लिया है। ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा करने में पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने मामले का सफल खुलासा करते हुए हापुड़ में पत्रकारों को बताया कि उधार लिए दो लाख रुपए का मृतक द्वारा तगादा करने पर आरोपी दोस्त ने ही उसे मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने आरोपी को कब्जे में लेकर जेल भेज दिया है। दरअसल 13 जनवरी की सुबह बाबूगढ़ पुलिस को सूचना मिली कि गांव उपेड़ा के जंगल में अज्ञात शव मिला है। इसके बाद बाबूगढ़ के थाना प्रभारी विजय कुमार गुप्ता पुलिस फोर्स तथा फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। मृतक की पहचान करने में पुलिस को कड़ी मेहनत करनी पड़ी जिसकी शिनाख्त वीरेंद्र राय निवासी रोवा गोवा जनपद बस्ती हाल निवासी रोहिणी नई दिल्ली के रूप में हुई जिसके बाद पुलिस मामले का पर्दाफाश करने में जुट गई। पुलिस ने देर तक मामले की छानबीन की तो सच्चाई पुलिस के सामने आ गई। एक आरोपी का नाम प्रकाश में आया तो पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की तो उसने सब कुछ उगल दिया। गिरफ्तार किए गए विकास तोमर पुत्र सुखवीर निवासी गांव बामनोली थाना दोघट जनपद बागपत हाल निवासी राजेंद्र पार्क विष्णु गार्डन गुड़गांव ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि वर्ष 2022 में वह दिल्ली के तिहाड़ जेल में बंद था जहां उसकी मुलाकात मृतक वीरेंद्र राय से हुई थी। जेल से छूटने के बाद वीरेंद्र राय ने प्रॉपर्टी डीलिंग का काम शुरू किया और विकास तोमर भी उसके साथ लग गया। साथ ही वह पत्रकारिता भी करने लगा। आरोपी ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि वह खाने पीने का शौकीन था तो ऐसे में खर्चे पूरे करने के लिए उसने मृतक वीरेंद्र राय से कुछ रुपए उधार लिए जो धीरे-धीरे करके दो लाख तक पहुंच गए। मृतक दो लाख रुपए का तगादा करने लगा। इसके बाद आरोपी ने वीरेंद्र राय की हत्या की साजिश रची। हापुड़ के पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंज्य सिंह के अनुसार मृतक विकास तोमर ने 12 जनवरी को वीरेंद्र को पहले तो शराब पिलाई उसके बाद उसे गाड़ी में बैठाकर बाबूगढ़ क्षेत्र के उपेड़ा में ले आया जहां उसके सिर पर ईंट से वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है जिसके खिलाफ पांच मुकदमे पंजीकृत है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल ईंट, मृतक का मोबाइल फोन, घड़ी, प्रेस आईडी कार्ड, माइक, घटना में इस्तेमाल आई-10 कार व एक मोबाइल फोन बरामद कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी को सोना पेट्रोल पंप के पास से पकड़ा है। वहीं हापुड़ के कप्तान ने बाबूगढ़ पुलिस को दस हजार रुपए का इनाम दिया है।
मैक्स हॉस्पिटल के पूर्व चिकित्सक डॉ. अभिषेक शर्मा (E.N.T.) अब हापुड़ में: 9927827214


























