दहेज लालचियों पर विवाहिता को मौत के घाट उतारने का आरोप, मुकदमा दर्ज
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना धौलाना क्षेत्र के गांव हसनपुर लोढ़ा निवासी युवक से सिंभावली निवासी अंशिका उर्फ
आर्शी की शादी हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगे। दहेज लालचियों ने सारी हदें पार कर दी और विवाहिता को बेरहमी से पीटा और पीट-पीट कर उसके हाथ पैर तोड़ दिए। अत्याचारों को पीड़िता सह ना सकी जिसने मंगलवार की रात को दम तोड़ दिया। मरने से पहले पीड़िता ने अपने भाई को ससुरालियों की हरकत के बारे में बताते हुए वीडियो संदेश भेजे थे। जैसे ही मृतका के मायके पक्ष के लोग उसके ससुराल पहुंचे तो आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही मृतका के भाई की तहरीर के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मृतका के पति सचिन, ससुर रविंदर, सास सविता और जेठ नितिन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। क्षेत्राधिकारी स्तुति सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण पता चलेगा।
तीन दिन तक रखा भूखा:
सिंभावली निवासी अभिषेक ने बताया कि उसकी बहन अंशिका की शादी 16 अप्रैल 2019 को धौलाना के गांव हसनपुर लोढ़ा निवासी सचिन के साथ हुई थी। शादी में मायके पक्ष के लोगों ने लाखों रुपए का दान दहेज दिया लेकिन ससुरालियों का पेट नहीं भरा जो कि अतिरिक्त दहेज की मांग करते और विवाहिता के साथ मारपीट करते। जब ससुरालियों को रुपए नहीं मिले तो उन्होंने सारी हदें पार कर दी। तीन दिन तक पीड़िता को भूखा प्यास रखा।
पीड़िता के तोड़ा हाथ पैर:
भूखा रखने के साथ-साथ मृतका के हाथ-पैर तोड़ने का भी आरोप है। जब ससुराल वालों की करतूत के बारे में पीड़िता ने अपने भाई को एक वीडियो संदेश भेजा लेकिन भाई ने व्यस्त होने के कारण करीब दो घंटे बाद अपनी बहन का मैसेज देखा तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। मामला मंगलवार की देर शाम का है जब पीड़िता ने दम तोड़ दिया। ससुराल पक्ष के लोग उसकी अर्थी सजाकर अंतिम संस्कार के लिए ले जा रहे थे। तभी मृतक के मायके पक्ष के लोग पहुंचे जिन्हें देखकर आरोपी फरार हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही मामले में कार्रवाई करते हुए पति, ससुर, सास, जेठ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रोंगटे खड़े कर देने वाली इस घटना से हर कोई स्तबद्ध है।
Dhanwantari Distributors का Immurich Capsule अब घर पर बैठे मंगवाएं: 9837700010
अपने पैट्स व पशुओं का कराएं डिजिटल एक्सरे, अल्ट्रासाउंड, ब्लड जांच: 8865800700


























