फर्जी कृषि अधिकारी बनकर सोलर पंप के नाम पर ठगी करने वाले दो दबोचे
हापुड़, सीमन/अमित कुमार (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना साइबर पुलिस ने सोलर पंप दिलाने के नाम पर फर्जी कृषि विभाग अधिकारी बनकर कॉल कर लोगों से धोखाधड़ी करने के मामले में एक गैंग का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है जिनके कब्जे से साइबर टीम ने दो मोबाइल फोन, कृषि विभाग की फर्जी रसीद, नकदी और लैपटॉप बरामद किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम हरिशंकर पुत्र वीरी सिंह तथा राधा किशन पुत्र रामगोपाल निवासीगण बरकतपुर थाना रसूलपुर जनपद फिरोजाबाद को गिरफ्तार किया है।
दरअसल हापुड़ के रहने वाले एक व्यक्ति से साइबर ठगों ने फर्जी कृषि अधिकारी बनकर सोलर पंप लगवाने के नाम पर उससे 1.26 लाख रुपए ट्रांसफर करा लिए थे जिसके बाद साइबर थाने ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपियों को पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपियों को गांव बरकतपुर में फतेह सिंह स्कूल के बाहर से गिरफ्तार किया है।
कड़ी पूछताछ में गिरफ्तार किए गए आरोपियों ने बताया कि वह कृषि विभाग की सरकारी वेबसाइट agriculture.up.gov.in से लोगों के द्वारा सोलर पंप लेने के लिए आवेदन का डाटा जैसे नाम, पता, मोबाइल नंबर आदि जानकारी निकालकर कृषि विभाग के फर्जी अधिकारी व कर्मचारी बनकर लोगों को कॉल करते। कृषि सोलर पंप के लिए आवेदन की पेमेंट की तारीख निकलने की बात में फंसाकर उनसे रुपए ऐंठते। पुलिस ने हरिशंकर और राधा किशन के कब्जे से दो मोबाइल फोन, एक हजार नकद, कृषि विभाग की फर्जी रसीद व लैपटॉप बरामद किया है।
एस. ए. इंटरनेशनल स्कूल में एडमिशन के लिए सम्पर्क करेः 9258003065



















