हापुड़, सीमन/संजय कश्यप (ehapurnews.com): चुनाव के इस मौसम में तापमान में जिस तरह बढ़ोतरी हो रही है। कुछ इस तरह नेताओं का मिजाज भी गर्म होता जा रहा है। हापुड़ के पूर्व विधायक गजराज सिंह से जब पत्रकारों ने सवाल पूछा तो वह अपना आपा खो बैठे और उन्होंने पत्रकारों के माइक पर ही हाथ मार दिया। जब पत्रकारों ने अपने सवाल दागे तो उसके बाद गजराज सिंह गाड़ी में जाकर बैठ गए और जल्दबाजी में बैंक जाने की बात कहने लगे। मामला चाहे जो भी हो लेकिन इस तरह पत्रकार के साथ व्यवहार करना उचित नहीं है। इससे राजनितिक गलियारे में चर्चाओं का बाज़ार खूब गर्म हो गया है।
यह है मामला:
हापुड़ में 26 अप्रैल को मतदान होना है। सभी पार्टियां अपने-अपने प्रत्याशी को मैदान में उतारने के लिए लगे हुए हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को समाजवादी पार्टी इंडिया गठबंधन की प्रत्याशी सुनीता वर्मा के मुख्य चुनावी कार्यालय का उद्घाटन होना था। सभी चुनाव की तैयारी में लगे हुए थे। जैसे ही पूर्व विधायक हापुड़ गजराज सिंह कार्यालय पहुंचे तो वह वापस लौटने लगे। गजराज सिंह को जल्दबाजी में लौटते देख कुछ लोगों ने चर्चा की कि पोस्टर में गजराज सिंह नहीं है जिससे वह नाराज है और वापस लौट रहे हैं। जब पत्रकारों ने उन्हें रोक कर यह सवाल पूछा तो पूर्व विधायक ने बेहद ही गर्म मिजाज में पत्रकारों के माइक को हाथ मारा। आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह मामला शांत कराया। हालांकि बाद में गाड़ी में बैठने पर पूर्व विधायक ने कहा कि वह बैंक जा रहे हैं जिसके कारण वह वहां से लौट गए है।




























