हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़ की बुलंदशहर रोड पर स्थित सामिया गार्डन में समाजवादी पार्टी के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष व प्रॉपर्टी डीलर जहीर सलमानी की पत्नी 38 वर्षीय नाज़रीन की दिनदहाड़े शनिवार को गोली मार कर हत्या कर दी गई। जब महिला घर में मौजूद थी तब हमलावर ने उसे गोलीमार कर मौत के घाट उतार दिया। सूचना पर पहुंची फॉरेनसिक टीम ने घटनास्थल से पिस्टल के एक कारतूस और दो खोखा कारतूस को बरामद किया है। वहीं पुलिस ने जहीर सलमानी की तहरीर के आधार पर नाजरीन के सौतेले बेटे इमरान व अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला 20 करोड़ की संपत्ति से जुड़ा बताया जा रहा है।
नज़रीन दूसरी पत्नी थी:
आपको बता दें कि जहीर सलमानी ने दो शादी की है। पहली पत्नी का नाम फातिमा है जिससे दो बेटे इमरान और रिजवान, दो बेटियां शहाना और इमराना है। वहीं नाजरीन जहीर सलमानी की दूसरी पत्नी थी जो कि हापुड़ के फूलगढ़ी की रहने वाली थी और हिंदू थी। नाज़रीन ने लगभग 17 साल पहले ज़हीर सलमानी से शादी करने के बाद धर्म बदल लिया था जो कई वर्षों तक डासना में रही और अब यहां आकर रह रही थी। नाजरीन से एक बेटा रियान है।

20 करोड़ की सम्पत्ति का विवाद:
जहीर सलमानी का प्रॉपर्टी का भी काम है जिसने चितौली में 20 करोड़ की जमीन को नाजरीन और बच्चे के नाम से खरीदा था जबकि पहली पत्नी का बेटा इमरान इसका विरोध कर रहा था। बताया जा रहा है कि संपत्ति को लेकर कई बार विवाद भी हुआ जिसके चलते इमरान ने अपने साथियों संग मिलकर दिनदहाड़े नाजरीन की गोली मार कर हत्या कर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
दो टीमें गठित:
हापुड़ के पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक राजकुमार अग्रवाल, क्षेत्राधिकारी वरुण मिश्रा, हापुड़ कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार, फॉरेंसिक टीम व पुलिस बल मौके पर पहुंचा और मामले की जांच शुरू की। फिलहाल आरोपी इमरान और उसके अज्ञात साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है जिसकी गिरफ्तारी के लिए दो टीमें गठित की गई हैं।
सभी प्रकार के बीमों के लिये संपर्क करें : 9756129288



























