आशा कार्यकर्ताओं को टीबी की पहचान और निदान के बारे में दी गई जानकारी
पांच दिवसीय एनसीडी प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न
– अंतिम दिन टीबी के प्रति किया गया संवेदीकरण
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़, 22 फरवरी, 2024। गैर संचारी रोग (एनसीडी) नियंत्रण कार्यक्रम के लिए आयोजित आशा कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न हो गया। पीपीसी कोठीगेट सभागार में चिकित्सा अधीक्षक डा. राकेश यादव की देखरेख में स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी (एचईओ) शैलेंद्र सिंह और मास्टर ट्रेनर प्रियंका नामदेव व ट्रेनर विकास सैनी ने आशा कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया। बृहस्पतिवार को आशा कार्यकर्ताओं के आखिरी बैच का पांचवां दिन था। जिला पीपीएम समन्वयक सुशील चौधरी और वरिष्ठ उपचार पर्यवेक्षक हसमत अली ने पांचवें दिन आशा कार्यकर्ताओं का टीबी के प्रति संवेदीकरण किया।
“जिला पीपीएम समन्वयक सुशील चौधरी ने आशा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा – स्वास्थ्य सेवाओं को दूर-दराज के क्षेत्रों तक पहुंचाने के लिए आप लोग जन समुदाय के संपर्क में रहती हैं। ऐसे में क्षय रोगियों की पहचान करने में आपकी अहम भूमिका हो सकती है। यह कार्य आपके सामाजिक दायित्व की पूर्ति तो करेगा ही, साथ ही इंफॉर्मर को दी जाने वाली राशि से आपको आर्थिक लाभ भी प्राप्त होगा। इसके लिए अपने क्षेत्र में शारीरिक रूप से कमजोर व्यक्तियों पर फोकस करें। ऐसे परिवारों को चिन्हित करें जिन परिवारों में कोई टीबी रोगी हो या रहा हो, मधुमेह जैसी बीमारी से पीड़ित हो। ऐसे लोगों को टीबी के लक्षणों के बारे में बताएं और यदि उनमें टीबी से मिलता-जुलता कोई लक्षण हो तो जांच कराने के लिए प्रेरित करें।”
टीबी की बीमारी संक्रामक होती है और सांस के जरिए फैलती है। इसलिए यदि किसी परिवार में टीबी का रोगी हो तो उस परिवार के अन्य सदस्यों को भी टीबी होने का खतरा रहता है। इसके अलावा कमजोर प्रतिरोधक क्षमता वाले व्यक्ति जल्दी टीबी की चपेट में आ सकते हैं। मधुमेह या अन्य बीमारियों से ग्रस्त व्यक्ति कमजोर प्रतिरोधक क्षमता वाले होते हैं।
वरिष्ठ उपचार पर्यवेक्षक हसमत अली ने बताया – दो सप्ताह से अधिक खांसी या बुखार, खांसी के साथ बलगम या खून आना, थकान रहना, वजन कम होना, रात में सोते समय पसीना आना और सीने में दर्द रहना टीबी के लक्षण हो सकते हैं। इनमें से एक भी लक्षण नजर आने पर टीबी की जांच करानी जरूरी है।
रेमंड के लिए पहुंचे हापुड़ के आर. के. प्लाजा, कॉल करें: 8791513811































