हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना पिलखुवा क्षेत्र के नया गांव अहमदपुर में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई जिससे इलाके में दहशत मच गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची जिसने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों का पता चल सकेगा। महिला के भाई गोपाल ने पति पर हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है।
जानकारी के अनुसार मेरठ के थाना किठौर क्षेत्र के गांव फतेहपुर निवासी संगीता की शादी वर्ष 2009 में पिलखुवा के नया गांव अहमदपुर के प्रवीण से हुई थी। बताया जा रहा है कि संगीता का शव रविवार की देर रात फंदे से लटका मिला जिसे देखकर घर में कोहराम मच गया। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका अपने पीछे तीन बच्चे छोड़ गई है।
एक फोन पर कराएं सीवर सैप्टिक टैंक की मशीन द्वारा सफाई: 9219695264






























