हापुड़ से 10 टन फूल अयोध्या के लिए रवाना
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): 22 जनवरी को अयोध्या के भव्य राम मंदिर में श्री रामलला विराजमान हो जाएंगे. रामलला की प्राण प्रतिष्ठा में हापुड़ के फूलों की खुशबू महकेगी. यहां के किसान तेग सिंह प्रधान को अलग-अलग वैरायटियों के करीब 10 टन फूलों का ऑर्डर मिला था जिसे उन्होंने अयोध्या भेज दिया है. उन्होंने कहा कि 500 वर्षों का सपना पूरा होने जा रहा है और भगवान राम घर में विराजमान हो रहे हैं. ऐसे में उन्हें यह ऑर्डर मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है.
जनपद हापुड़ के सिंभावली क्षेत्र के गांव तिगरी में रहने वाले किसान तेग सिंह प्रधान ने बताया कि वह पिछले 35 सालों से फूलों की खेती कर रहे हैं. उनके यहां करीब एक दर्जन से ज्यादा प्रकार के फूल हैं जिनमें लाल गुलाब, पीला गुलाब, पिंक गुलाब व अन्य गुलाब हैं. तेग सिंह प्रधान ने बताया कि उन्हें 10 टन फूलों का ऑर्डर अयोध्या राम मंदिर से मिला है. उनके लिए यह बहुत ही खुशी की बात है।





























