हापुड, सीमन (ehapurnews): आज दिनांक 13.01.2024 को जिलाधिकारी महोदया, हापुड़ के नेतृत्व में सड़क सुरक्षा समिति द्वारा धौलाना व पिलखुआ क्षेत्र दुर्घटना बाहुल्य स्थलों का भौतिक निरीक्षण किया गया। जिलाधिकारी महोदया द्वारा निजामपुर, सरस्वती मेडिकल कॉलेज, मारवाड़ी तिराहा, पिलखुआ बस स्टैंड, छिजारसी टोल व कन्दोला गेट मोड का गहन निरीक्षण कर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, गाजियाबाद के सहायक अभियंता एवं अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग, हापुड़ को सभी स्थलों पर किये जाने वाले कार्यों को समय सीमा के अन्दर पूरा करने के निर्देश दिये गये तथा किये गये सुधारात्मक कार्यों का 15 दिन के बाद पुनः निरीक्षण करने का आदेश दिया गया। जिलाधिकारी महोदया द्वारा उक्त स्थलों पर पूर्व में घटित दुर्घटनाओं के कारणों तथा इन पर किये जाने वाले सुधारों पर व्यापक कार्यवाही करने का निर्देश दिया गया। जिलाधिकारी महोदया द्वारा सड़क दुर्घटना में लगातार बढोंत्तरी पर चिंता व्यक्त करते हुए आम जनमानस को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने व व्यापक प्रचार प्रसार करने के निर्देश दिये गये।
शासन द्वारा राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह दिनांक 15 जनवरी 2024 से 14 फरवरी 2024 तक मनाया जाना प्रस्तावित है। जिलाधिकारी महोदया द्वारा उक्त के कम में अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग, हापुड़ व सहायक संभागीय अधिकारी, (प्रवर्तन) को राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह व्यापक रूप से मनाये जाने एवं प्रचार प्रसार करने के लिए आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिये गये।
दुर्घटना बाहुल्य स्थलों के निरीक्षण में उपजिलाधिकारी धौलाना, क्षेत्राधिकारी यातायात श्री वरूण मिश्रा, सहायक संभागीय अधिकारी (प्रवर्तन) श्री रमेश कुमार चौबे, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग श्री नरेश कुमार, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के सहायक अभियंता श्री अंकुल कुमार एवं यातायात निरीक्षक श्री उपदेश कुमार आदि उपस्थित रहे।





























