कोहरे के कारण भिड़े दर्जनों वाहन
हापुड़, सीमन/अशोक तोमर (ehapurnews.com): कोहरे के कारण सोमवार की सुबह दर्जनों वाहन आपस में भिड़ गए जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल मनोज कुमार को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने क्रेन की सहायता से अन्य वाहनों को सड़क से हटवाया।
मामला सोमवार की सुबह का है जब मनोज कुमार पुत्र कुंवर पाल निवासी ईसापुर, संभल बोलेरो कार में सवार होकर दिल्ली जा रहा था। जैसे ही वह हाफिजपुर क्षेत्र के सोना पेट्रोल पंप के पास स्थित बाईपास पर पहुंचा तो कोहरे के कारण आगे चल रहा ट्रक मनोज कुमार को नजर नहीं आया और गाड़ी सीधे ट्रक से जा भिड़ी। इस दौरान मनोज घायल हो गया। सड़क हादसे के बाद पीछे से आए दर्जनों वाहन भी बोलेरो कार से भिड़ते चले गए। मोटरसाइकिल व कार आगे चल रहे वाहन से भिड़े तो अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। पेट्रोलिंग कर रही देहात पुलिस की नजर घटनास्थल पर पड़ी जिसके बाद उसने मौके पर पहुंचकर मनोज कुमार को अस्पताल में भर्ती कराया। साथ ही क्षतिग्रस्त वाहनों को साइड कराया। बता दें कि कोहरे के कारण दृश्यता काफी ज्यादा प्रभावित है।
हापुड़ से खरीदें रेडीमेट बाउंड्री व इंटरलॉकिंग टाइल्स: 9719800031

































