जनपद हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर में राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर बना टोल प्लाजा स्थानीय लोगों के लिए सर दर्द बना हुआ है। गढ़मुक्तेश्वर से बृजघाट जाने वाले स्थानीय लोगों को भी टोल देना पड़ता है। टोल न देने पर यदि वह स्थानीय नागरिक होने की बात करते हैं तो टोल कर्मी उनसे अभद्रता करते हैं। ऐसे में गढ़मुक्तेश्वर नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष राकेश बजरंगी ने कहा है कि यदि स्थानीय लोगों के लिए टोल फ्री नहीं किया गया तो गढ़मुक्तेश्वर नगर पालिका परिषद डंपिंग ग्राउंड से लेकर ब्रजघाट तक नया रास्ता बनाएगी।
गढ़मुक्तेश्वर नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष राकेश बजरंगी ने कहा है कि यह टोल प्लाजा नगर पालिका की जमीन पर बना हुआ है। स्थानीय लोगों को भी टोल चुकाना पड़ता है जिसकी वजह से उन्हें बेहद परेशानी हो रही है। टोलकर्मी स्थानीय लोगों के साथ गलत व्यवहार करते हैं। यदि उनकी मांगों को नहीं माना गया तो वह धरना प्रदर्शन करेंगे और जरूरत पड़ने पर गढ़ और बृजघाट के लिए नई सड़क का निर्माण भी कराया जाएगा। राकेश बजरंगी के इस बयान से अफरा-तफरी की स्थिति बनी हुई है।





























