हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना बहादुरगढ़ क्षेत्र के देहरा कुटी कार्यालय पर भारतीय किसान यूनियन टिकैत के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने सोमवार को मासिक पंचायत का आयोजन किया जहां हरे पेड़ों के कटान के साथ-साथ अवैध खनन का मुद्दा जोर-शोर से उठा। किसानों का कहना है कि थाना प्रभारी ज्ञापन लेने के लिए नहीं पहुंचे जिससे गुस्साए किसानों ने बहादुरगढ़ थाने का रुख किया जहां जमकर विरोध प्रदर्शन हुआ। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने किसानों को समझने का प्रयास भी किया। हालांकि कुछ देर बाद जाकर मामला शांत हुआ और किसानों ने अपनी-अपनी समस्याओं से पुलिस को अवगत कराया। किसानों का कहना है कि क्षेत्र में हरे पेड़ों के काटने का सिलसिला बढ़ता जा रहा है। साथ ही अवैध रूप से खनन भी हो रहा है। मामले में पुलिस को गंभीरता दिखाते हुए कार्रवाई करनी चाहिए। इस दौरान क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की भी मांग की गई।





















