हापुड़, सीमन/अशोक तोमर, अमित कुमार (ehapurnews.com): हापुड़ की जिलाधिकारी प्रेरणा शर्मा और पुलिस अधीक्षक हापुड़ अभिषेक वर्मा ने गुरुवार को हापुड़ की मेरठ रोड पर कांवड़ियों का स्वागत किया और उन्हें फल, मिठाई, जूस आदि वितरित किए। साथ ही कांवड़ियों की सुरक्षा को लेकर आवश्यक कदम भी उठाए। आपको बता दें कि शिवरात्रि का पर्व बेहद नजदीक है। ऐसे में सड़कों पर आस्था का सैलाब उमड़ने लगा है। भोले के भक्त जल लेकर लौटना शुरू हो गए हैं जिनके आगमन को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन कैमरे के साथ-साथ पुलिस कर्मियों को भी तैनात किया है। हापुड़ की मेरठ रोड पर जिलाधिकारी तथा पुलिस अधीक्षक ने कावड़ियों का जनपद में प्रवेश करने पर स्वागत किया।

जिलाधिकारी प्रेरणा शर्मा ने बताया कि पुलिस-प्रशासन पूरी तरह तैयार है। बारिश के चलते विशेष दिशा निर्देश अधिकारियों को जारी किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक हापुड़ अभिषेक वर्मा का कहना है कि सुरक्षा के लिहाज से ड्रोन से निगरानी की जा रही है। कावड़ियों की गिनती के लिए मशीन भी लगाई गई है। बुधवार की शाम 6:00 बजे से गुरुवार की सुबह 8:00 बजे तक आठ हजार से ज्यादा कांवडियों ने जनपद में प्रवेश किया है।
इस दौरान अधिकारियों ने अस्थाई पुलिस चौकी का निरीक्षण किया। साथ ही पुलिस ने क्षेत्र में गश्त की। इस दौरान क्षेत्राधिकारी हापुड़ अशोक सिसोदिया, देहात थाना प्रभारी आशीष पुंडीर, ट्रैफिक पुलिस व ब्लैक कमांडो भी मौजूद रहे।
एक ही फोन पर कराएं किसी भी तरह का इंश्योरेंस: 9756129288:























