हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़ में तारों से चिंगारी निकलने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। हापुड़ के कोटला मेवतियान की एक और वीडियो सामने आई है जिसमें एक मीनार वाली मस्जिद के पास से गुजर रहे हाईटेंशन तारों से स्पार्किंग होने लगी जिससे आसपास मौजूद क्षेत्रवासियों में हड़कंप मच गया। कुछ लोगों ने आग पर काबू पाने के लिए घरों की छतों पर चढ़कर मग्गे की मदद से आग को बुझाने का प्रयास भी किया। इस दौरान क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति भी प्रभावित रही। मोहल्ले वासियों का कहना है कि आए दिन इसी तरह की तस्वीर बनी रहती है जिसकी वजह से लोगों को काफी ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कोटला मेवतियान में अक्सर तारों से चिंगारी निकलती रहती है। बारिश के दौरान तो हालात और भी ज्यादा खराब हो जाते हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि रविवार को तारों से एक बार फिर चिंगारी निकली जिससे मोहल्ले वासियों में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। समय रहते किसी तरह स्थिति पर काबू पाया और विद्युत कर्मियों को अवगत कराया। मौके पर पहुंचे बिजली कर्मियों ने तारों को दुरुस्त किया जिसके बाद सभी ने राहत की सांस ली।






















