हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ में कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए पुलिस प्रशासन ने कड़े प्रबंध किए हैं। जनपद के 300 किलोमीटर लंबे कांवड़ मार्ग को कवर करने के लिए 350 सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए गए हैं। साथ ही संवेदनशील इलाकों और रूट आदि का जायजा लेने के लिए तीन मोबाइल थानों पर कैमरे लगाए गए हैं जिससे अधिकारी स्थिति का जायजा ले सकें। इन कैमरों को कंट्रोल रूम से जोड़ा गया है। हापुड़ के अपर पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार मिश्र ने बताया कि कांवड़ियों को किसी प्रकार की परेशानी ना हो इसके लिए यह कैमरे लगाए गए हैं।
आपको बता दें कावड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसके लिए जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। पल-पल की गतिविधि पर निगाह रखने के लिए पुलिस सीसीटीवी कैमरे का सहारा ले रही है जिससे 24 घंटे हर गतिविधि पर पैनी निगाह रखी जा सके।






















