हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना बाबूगढ़ कोतवाली क्षेत्र के बाबूगढ़ छावनी के पास एक खाली कंटेनर ले जा रहा ट्रक अनियंत्रित होकर हाईवे से उतरकर खेतों में जाकर पलट गया। राहत की बात यह रही कि चालक बाल-बाल बच गया जिसे मामूली चोट आई हैं। मामले की जानकारी मिलने पर ट्रक मालिक भी मौके पर पहुंचे और क्रेन की सहायता से ट्रक को बाहर निकाला गया।
ट्रक के मालिक सुभाष निवासी दादरी ने बताया कि उनका ट्रक खाली कंटेनर लेकर दादरी से मुरादाबाद जा रहा था। जैसे ही ट्रक सुबह करीब 3:30 बजे बाबूगढ़ छावनी के पास पहुंचा तो सामने अचानक एक पशु आ गया जिसे बचाने के चलते ट्रक चला रहा चालक संदीप निवासी प्रयागराज ने ट्रक से नियंत्रण खो दिया और वह सीधे हाईवे से उतर कर खेतों में जाकर पलट गया। सड़क हादसे के दौरान संदीप बाल-बाल बच गया जिसने सुभाष को मामले से अवगत कराया। सूचना पाकर सुभाष और पुलिस मौके पर पहुंचे। क्रेन की सहायता से ट्रक को बाहर निकाल कर उसे उचित स्थान पर पहुंचाया गया।






















