हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना धौलाना क्षेत्र के गांव देहरा में शनिवार को रजवाहे से एक शव बरामद हुआ जिसकी पहचान 37 वर्षीय देवेंद्र पुत्र रामवीर सिंह निवासी गांव गालंद पिलखुवा के रूप में हुई है। पुलिस ने देवेंद्र के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। बताया जा रहा है कि देवेंद्र शुक्रवार से लापता था।
आपको बता दें कि
देवेंद्र गांव खेड़ा के पास स्थित एक फैक्ट्री में वेल्डिंग का काम करता था जो शुक्रवार को फैक्ट्री से घर जाने के लिए निकला लेकिन घर नहीं पहुंचा। देवेंद्र की जब कोई सूचना नहीं मिली तो उसके पिता रामवीर सिंह ने पुलिस को मामले से अवगत कराया। देवेंद्र को काफी तलाशा लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। शनिवार को गांव देहरा के रजवाहे से देवेंद्र का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी मच गई। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने हत्या की आशंका व्यक्त की है जिनकी तहरीर के आधार पर पुलिस जांच कर रही है।






















