हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़ में 24 मार्च यानी गुरुवार को विश्व क्षय रोग दिवस मनाया गया जहां 18 टीबी चैंपियन को सम्मानित किया गया. जनसहयोग से 382 रोगियों को पोषण वितरित किया गया. इस दौरान क्षय रोगियों के इलाज में महत्वपूर्ण योगदान निभाने वाले मेडिकल कॉलेजों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया.
हापुड़ की दस्तोई रोड पर स्थित जिला अस्पताल में विश्व क्षय रोग दिवस मनाया गया. इस दौरान जिलाधिकारी अनुज सिंह, मुख्य विकास अधिकारी प्रेरणा सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ रेखा शर्मा आदि मौजूद रहे. कार्यक्रम के दौरान टीबी को हराने वाले 18 टीबी चैंपियन को सम्मानित किया गया जोकि रोगियों को टीबी के उपचार के बारे में जागरूक करेंगे. टीबी के रोगियों को जिला स्तरीय अधिकारियों, उद्योग घरानों और स्वयंसेवी संस्थाओं के सहयोग से पोषाहार वितरित किया गया.
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ राजेश सिंह ने बताया कि विश्व क्षय रोग दिवस के मौके पर 21 दिवसीय विशेष अभियान शुरू किया गया है जो 13 अप्रैल तक चलेगा. इस अभियान के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी, आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के सहयोग से क्षय रोगियों को ढूंढा जाएगा. डॉ राजेश सिंह ने बताया कि 2025 तक भारत को टीबी मुक्त करने का लक्ष्य रखा गया है जिसे हासिल करने के लिए विभाग जनसहयोग से हर संभव कदम उठा रहा है.






















