हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश के प्रदेश मंत्री चंद्रमोहन सिंह ने धौलाना में भाजपा कार्यकर्ताओं और किसानों को सम्बोधित करते हुए कहा कि केंद्र सरकार द्वारा लोकसभा व राज्यसभा में पारित तीनों कृषि विधेयक किसानों के विरोध में नहीं है। बल्कि किसानों की उन्नति के द्वार खुलेंगे। विपक्षी दल हो हल्ला कर किसानों को गुमराह करने में लगे है।
भाजपा के प्रदेश मंत्री चंद्रमोहन सिंह धौलाना व गालंद मंडल के संयुक्त मंडल प्रवास के दौरान मुख्य अतिथि के रुप में कार्यकर्ताओं व किसानों को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश सरकार अपराधियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई कर रही है और भ्रष्टाचारी कितना भी बड़ा प्रभावशाली क्यों न हो,उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसानों, मजदूरों व बेरोजगारों तथा महिलाओं के हितों की रक्षा के लिए प्रदेश सरकार कारगर कदम उठा रही है। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष उमेश राणा, यशपाल सिसोदिया,सोनू ठाकुर, नवीन तोमर सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।
























