हापुड़, सीमन (ehapurnews.com):जनपद हापुड़ के सिंभावली स्थित किसान डिग्री कॉलेज पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने कॉलेज के समय में बाहरी असामाजिक तत्वों द्वारा क्रिकेट खेलना, छात्राओं पर तंज कसना एवं कॉलेज परिसर में नशा करने के खिलाफ गुरुवार को धरना दिया और प्राचार्य को ज्ञापन दिया ।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के विभाग संयोजक गौरव गौड़ ने बताया कि कॉलेज को बाहर के लोगों ने खेल का मैदान बना दिया है जिससे विद्यार्थियों को अपनी शिक्षा लेने में भी गंभीर समस्या आती हैं आए दिन दबंग लोगों द्वारा आम विद्यार्थियों के साथ मारपीट एवं छात्राओं के साथ छेड़छाड़ की घटनाएं उजागर होती रहती है।
कॉलेज परिसर में ही लोग तम्बाकू, बीड़ी, शराब का सेवन खुलेआम बिना किसी के डर के करते हैं। अनेकों बार कॉलेज प्रशासन से मौखिक रूप में कहने पर भी कोई कार्यवाही नहीं हुई एवं विद्यार्थी की मांग को टाल दिया गया।गुरुवार कोअखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने इकट्ठा होकर कॉलेज प्रशासन को ज्ञापन दिया साथ ही गौरव गौड़ ने कॉलेज प्रशासन को चेतावनी भी दी कि जल्दी कार्रवाई न होने पर विद्यार्थी परिषद बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होगा जिसका जिम्मेदार कॉलेज प्रशासन होगा ।
तहसील संयोजक नितिन पुनिया ने कहा कि समाज के उत्थान के लिए उत्तम शिक्षा व्यवस्था बहुत ही महत्वपूर्ण है जिसका ध्यान रखना हम सभी की जिम्मेदारी है विद्यार्थियों के साथ किसी भी प्रकार का उत्पीड़न सहन नहीं किया जाएगा एवं विद्यार्थियों की आवाज को हर स्तर पर ले जाने के लिए विद्यार्थी परिषद करबद्ध है छात्र हित विद्यार्थी परिषद की प्राथमिकता है। इस मौके पर आशीष कुमार, पारस भारद्वाज, हैप्पी शर्मा, पुलकित नारंग, शेखर शर्मा, आदर्श ठाकुर, आशीष त्यागी, लविश कुमार , यतिन शर्मा , गोलू ठाकुर , जितेंद्र आदि कार्यकर्ता उपस्थित थे।
























