
युवा चरित्र निर्माण सम्मेलन
हापुड, सीमन (ehapurnews.com):आर्य समाज हापुड़ के वार्षिकोत्सव–2025 के अंतर्गत आज प्रातः युवा चरित्र निर्माण सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं को वेद आधारित जीवन मूल्यों, संयम, नैतिकता एवं राष्ट्र निर्माण की दिशा में प्रेरित किया गया। सम्मेलन का शुभारंभ भजनोपदेशक पं. अजय आर्य द्वारा प्रस्तुत ओजस्वी भजनों—“राम के वंशज, कृष्ण के बेटे, ऋषियों की संतान—तू अपने गौरव को पहचान” तथा “वेदों का डंका जग में किसने बजाया—दयानंद आया”—से हुआ। उनके भजनों ने युवाओं में आत्मगौरव, सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रप्रेम का संचार किया। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि समाज में प्रेम की रसधारा प्रवाहित होगी, तभी पुनः रामराज्य की संकल्पना साकार हो सकेगी।
मुख्य वक्ता आचार्य हरिशंकर अग्निहोत्री जी ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि मनुष्य के कर्मों का मूल कारण उसके विचार होते हैं। उन्होंने कहा कि हमें अपना व्यवहार वैसा बनाना चाहिए, जैसा हम दूसरों से अपने प्रति अपेक्षित करते हैं। पुरुषों पर केंद्रित इस सम्मेलन में उन्होंने विशेष रूप से कहा कि परायी स्त्री को माता के समान समझना ही सच्चे चरित्र की पहचान है। आचार्य जी ने स्पष्ट किया कि जैसा ज्ञान होता है, वैसा ही कर्म होता है—यदि विचार शुद्ध नहीं होंगे तो श्रेष्ठ कर्म संभव नहीं। उन्होंने महर्षि दयानंद रचित व्यवहार भानु ग्रंथ के अध्ययन की प्रेरणा देते हुए श्रवण, मनन, निधिध्यासन और साक्षात्कार की प्रक्रिया को सरल उदाहरणों से समझाया तथा युवाओं से अपने “इनपुट” को शुद्ध करने और स्वयं को सही दिशा में प्रशिक्षित करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अध्यक्ष आर्य समाज हापुड़ के पूर्व प्रधान तथा भाजपा पश्चिमी उत्तरप्रदेश के क्षेत्रीय महामंत्री डॉ विकास अग्रवाल रहे।
रेडवुड क्लॉथिंग पर लगी है स्टॉक क्लीयरेंस सेल: 9690080808



























