
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़ की दिल्ली रोड पर स्थित दिव्य धाम श्री बालाजी मंदिर में सोमवार से श्रीमद भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। कथा प्रारंभ होने से पूर्व सोमवार की अपराह्न भव्य कलश यात्रा निकाली गई जिसमें शामिल महिलाएं पीत वस्त्र पहने सिर पर कलश धारण किए हुए मंगल गीत गा रही थी।
सोमवार की दोपहर को महिलाएं अपने-अपने कलश लेकर श्री बालाजी धाम पहुंची जहां कथा आयोजकों ने महिलाओं को नारियल, चुन्नी व पटाका भेट किया और विधि पूर्वक कलश पूजन सम्पन्न कराया। इसके उपरान्त महिलाओं ने अपने सिर पर कलश धारण किए और मंगल गीतों का गुणगान करते हुए मुख्य मार्ग से कलश यात्रा निकाली। कलश यात्रा कथा स्थल श्री बालाजी धाम पहुंची और महिलाओं ने कलश व्यास पीठ के समक्ष स्थापित कर दिए।
आपको बता दें कि बागेश्वर धाम के कृपा पात्र कथा व्यास परम श्रद्धेय श्री रोहित रिछारिया जी महाराज को सुनने के लिए भक्त दूर-दूर से हापुड़ पहुंचे हैं। 15 सितंबर से 21 सितंबर तक चलने वाली कथा में बड़ी संख्या में भक्तों के पहुंचने की उम्मीद है जिसको देखते हुए विशेष प्रबंध किए गए हैं। 16 सितंबर की शाम 5:00 बजे से 8:00 तक भजन संध्या होगी। इस अवसर पर श्री बालाजी धाम के संस्थापक स्वामी अशोक आचार्य जी महाराज, पीठाधीश्वर स्वामी यशवर्धन आचार्य जी महाराज, मुख्य पुजारी उमाकांत, श्रद्धालु आरती,प्रिंस वर्मा, कपिल, मोहित, हर्ष आदि उपस्थित रहे।
दिल्ली से मात्र 80 किलोमीटर दूर, छह लाख में बुक करें 50 गज का प्लॉट: 9899722241

































