
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना बहादुरगढ़ कोतवाली क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर रुस्तमपुर में 42 वर्षीय एक महिला की गला रेत कर हत्या करने का मामला सामने आया है। सूचना पर थाना पुलिस, फॉरेंसिक टीम व फील्ड यूनिट मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। इस वारदात से क्षेत्रवासियों में सनसनी मची है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार 42 वर्षीय रीता शर्मा के परिजन किसी काम से बाहर गए थे। जब मंगलवार की सुबह वापस लौटे तो देखा रीता की लाश पलंग पर पड़ी है जिसके गले पर चोट के निशान है। बताया जा रहा है कि गला रेत कर महिला की हत्या की गई है। इसके बाद शोर सुनकर ग्रामीण एकत्र हुए और पुलिस को मामले से अवगत कराया। सूचना पाकर पुलिस, फॉरेंसिक टीम, फील्ड यूनिट मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने विभिन्न पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है।























