हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : जनपद हापुड़ के थाना बाबूगढ़ क्षेत्र की कुचेसर रोड चौपला चौकी के अंतर्गत गांव रसूलपुर बहलोलपुर में शुक्रवार की देर रात चोरों ने दो मकानों में धावा बोल दिया जहां लाखों रुपए की नकदी, जेवरातों पर हाथ साफ करके फरार हो गए. वहीं चोरी किया गया एक ट्रंक और ब्रीफकेस घर के पास मिला. सूचना मिलने पर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और मामले की सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. ग्रामीणों ने तहरीर देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है.
बता गांव रसूलपुर बहलोलपुर के श्यामवीर सिंह पुत्र राजपाल सिंह ने बताया कि चोरों ने उनके घर में अचानक धावा बोल दिया. शनिवार की तड़के लगभग सवा तीन बजे जब उनकी आंखें खुली तो घर का माहौल देखकर दंग रह गए. चोरों ने श्याम वीर सिंह के घर के कमरे का ताला तोड़कर ढाई तोले सोना, गैस सिलेंडर, लोहे का ट्रंक, ब्रीफकेस, नकदी पर हाथ साफ कर दिया. हालांकि कुछ दूरी पर स्थित खेतों में ब्रीफकेस और ट्रंक मिल गया. वहीं गांव के नाजिम पुत्र रफीक अहमद के मकान में भी चोरों ने धावा बोल दिया. घर में एक महिला का सामना चोरों से हो गया जिसने शोर मचाया तो चोर भाग खड़े हुए.
महिला का कहना है कि सीढ़ियों पर एक चोर बैठा था जब उसने उससे सवाल किए तो इतनी देर में दूसरा चोर निकल कर आ गया और दोनों शोर मचाने पर भाग गए. इस दौरान चोरों ने घर में रखी चालीस हजार रुपए की नकदी समेत लगभग 90 हजार के सामान पर हाथ साफ कर दिया. सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई. श्यामवीर सिंह का कहना है कि उनके मकान में साल 2012 से लेकर अबतक सात बार चोरी हो चुकी है. नकदी, भैंस, जेवरात पर चोर हाथ साफ कर चुके हैं लेकिन अभी तक कोई खास कार्यवाही नहीं हुई है.
































