
पीसीएस परीक्षा में सफलता का परचम लहराने पर श्वेता त्यागी का स्वागत
हापुड़, सीमन/ संजय कश्यप (ehapurnews.com): हापुड़ जनपद की होनहार बेटी श्वेता त्यागी ने पीसीएस परीक्षा उत्तीर्ण कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। सफलता की सीढ़ी चढ़कर अपने गांव लौटने पर ग्रामीणों ने श्वेता का ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं के साथ जोरदार स्वागत किया इस अवसर पर ग्रामीणों में भारी उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों का कहना है कि श्वेता ने अपनी कड़ी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया है, जो क्षेत्र के अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगा। स्वागत समारोह के दौरान श्वेता को मिठाई खिलाकर आशीर्वाद दिया गया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
श्वेता त्यागी ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता के मार्गदर्शन और निरंतर परिश्रम को दिया है। उन्होंने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि यदि लक्ष्य निर्धारित हो और उसे पाने के लिए सच्ची मेहनत की जाए, तो सफलता अवश्य कदम चूमती है। इस मौके पर ज्ञानेंद्र त्यागी ,अवनीश त्यागी ,रुद्राक्ष त्यागी , सैंकी त्यागी , आदि लोग मौजूद रहे।

































