हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : हापुड़ में बुधवार को हुई बारिश ने नगर पालिका परिषद हापुड़ के सारे दावों और वादों पर पानी फेर दिया. पानी भी इतना ज्यादा कि वह मोहल्ले और गलियों में भर गया. नालों की समय पर साफ सफाई ना होने का खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ा. ज्ञात हो कि हाल ही में नगर पालिका परिषद के ईओ संजय कुमार गौतम को उत्तर प्रदेश के राज्य मंत्री दिनेश खटीक ने फटकार भी लगाई थी जहां नाले की सफाई ना होने पर संजय गौतम सफाई देते हुए दिखाई दिए थे. अब नाले की सफाई ना होने पर एक और तस्वीर सामने आई है.
फिरोज बिल्डिंग के आसपास का क्षेत्र पानी में डूब गया. नाले में जमा गंदगी की वजह से लोगों को भारी नुकसान हुआ है. नगर पालिका ने हवा में जो साफ-सफाई की थी उसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ा. क्षेत्र में पानी भरने से लोगों के वाहन डूब गए, जलभराव का असर मकानों की नींव पर भी पड़ा. सूचना मिलने पर जेसीबी मशीन मौके पर पहुंची और नाले को साफ किया जिसके बाद क्षेत्र से जल निकासी हुई. लोगों की मांग है कि समय रहते नगर पालिका द्वारा नालों की सफाई की जाती तो यह हालात न बनते.
































