
हापुड़, सीमन/ अमित कुमार (ehapurnews.com):रक्षाबंधन के पावन अवसर पर विकास ग्लोबल स्कूल की छात्राओं ने जनसेवा में निष्ठापूर्वक कार्यरत कर्मवीरों को राखी बांधकर उन्हें सम्मानित किया। इस विशेष कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यालय की टीम ने डीएम हापुड़, बैंक ऑफ इंडिया, थाना देहात, डाकघर, सरकारी अस्पताल, एवं बिजली घर में जाकर वहाँ कार्यरत कर्मचारियों को अपने हाथों से राखी बाँधी।
सबसे विशेष क्षण तब आया जब छात्राओं ने जनपद हापुड़ के जिलाधिकारी अभिषेक पांडे को भी राखी बाँधकर उन्हें धन्यवाद और सम्मान अर्पित किया। यह क्षण छात्राओं के लिए गर्व और प्रेरणा का स्रोत बना।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य उन भाइयों को सम्मान देना था, जो अपने कर्तव्यों के कारण इस रक्षाबंधन पर अपने घर नहीं जा पा रहे हैं। साथ ही, उन सैनिकों के लिए भी विशेष राखियाँ विद्यालय की छात्राओं द्वारा बनाई गईं, जो देश की सीमाओं पर तैनात हैं और हमारे लिए अपने परिवार से दूर रहकर रक्षा कर रहे हैं।
सभी कर्मवीरों को विद्यालय की ओर से ‘सम्मान प्रतीक चिन्ह’ प्रदान कर सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन विद्यालय की प्रधानाचार्या वर्षा तेवतिया के नेतृत्व में हुआ। इस सराहनीय पहल में मुख्य शिक्षिकाएँ माही अली और चित्रा शर्मा की विशेष भूमिका रही।
इस अवसर पर विद्यालय के अध्यक्ष विकास तेवतिया ने प्रेरणास्पद शब्दों में कहाः
“हमारे विद्यार्थियों का यह प्रयास न केवल भारतीय संस्कृति के मूल्यों को जीवंत करता है, बल्कि उन्हें संवेदनशील, जागरूक और राष्ट्रनिष्ठ नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित करता है। जब एक छात्रा अपने हाथों से किसी कर्मवीर को राखी बांधती है, तो वह केवल एक धागा नहीं, बल्कि कर्तव्य, सम्मान और विश्वास का अटूट सूत्र बांधती है। हमें गर्व है कि हमारे विद्यालय की बेटियाँ इस परंपरा को इतनी गरिमा के साथ निभा रही हैं।”
प्रधानाचार्या वर्षा तेवतिया ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहाः
“आज की हमारी बेटियाँ केवल शिक्षित नहीं, बल्कि संवेदनशील और जागरूक नागरिक बन रही हैं। रक्षाबंधन जैसे पर्वों को सामाजिक सरोकार से जोड़कर हमने यह प्रयास किया है कि बच्चे केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रहें, बल्कि समाज, देश और कर्तव्य की भावना को हृदय से आत्मसात करें। हमारे कर्मवीर भाइयों के चेहरे पर जो मुस्कान हमने देखी वही हमारे इस आयोजन की सबसे बड़ी सफलता है।” –
विद्यालय परिवार की यह पहल राष्ट्रभक्ति, सेवा भाव और सामाजिक जिम्मेदारी का सशक्त प्रतीक बनकर उभरी है।
ओमेगा ई-रिक्शा 2025 के नए मॉडल्स खरीदें, 3 साल की लिथियम बैटरी की वारंटी: 7906867483





























