वीडियो देखेः
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के एक खाद्य अधिकारी द्वारा व्यापारियों से जबरन रिश्वत वसूलने पर बुधवार को व्यापारियों का गुस्सा फूट पड़ा। यह मामला बक्सर से भोवापुर मस्ताननगर जाने वाले मार्ग पर स्थित दुकानदारों का है। आरोप है कि बक्सर में तैनात एक खाद्य अधिकारी ने दुकानों से सैम्पिलंग के नाम पर लाखों रुपए की रिश्वत वसूल ली।
दरअसल सिंभावली क्षेत्र के गांव बक्सर और भोवापुर मस्ताननगर के बीच से होकर दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाइवे निकल रहा है जिसकी दोनों दिशाओं के बाज़ार में लगभग 100 दुकानदार अपनी रोजी रोटी कमाते हैं। व्यापारियों का आरोप है कि बुधवार को अधिकारी ने अपने चपरासी के साथ पांच व्यापारियों से सवा लाख रुपए डकार लिए। अधिकारी दिन पर दिन आर्थिक उत्पीड़न शोषण कर रहा है और धमकी देता है कि किसी को बताया तो अच्छा नहीं होगा। बुधवार को जब सभी व्यापारियों को मामले की जानकारी मिली तो सब एक हो गए और अधिकारी और उसके चपरासी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। दुकानदारों ने दुकानें बंद कर दी और सिंभावली थाने पहुंचकर अधिकारी के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर खाद्य अधिकारी व उसके चपरासी के खिलाफ तहरीर दी। इस दौरान भाकियू नेता सतबीर लुहारी के साथ भी मौजूद रहे।

























