हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : जनपद हापुड़ की तीर्थ नगरी में लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस में नियमों को ताक पर रखकर कमरे दिए जाने का आरोप लगा है। इस संबंध में एक वीडियो भी वायरल हो रहा है जिसमें वीआईपी की आड़ में आम लोगों से पैसे लेकर उन्हें गेस्ट हाउस में ठहराने का मामले सामने आया है। पैसे के लालच में आम आदमी से लेकर संदिग्धों को गेस्ट हाउस में ठहराया जा रहा है। वीडियो वायरल होने पर प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया।
आपको बता दें कि जनपद हापुड़ की तीर्थनगरी बृजघाट में लोक निर्माण विभाग ने एक गेस्ट हाउस का निर्माण कराया था। इस गेस्ट हाउस का निर्माण सपा शासनकाल में करोड़ों रुपए की लागत से हुआ था जिसमें केंद्रीय मंत्री, प्रदेश के मंत्री और वरिष्ठ नेताओं के साथ-साथ सरकारी विभागों में कार्यरत आला अधिकारी भी रुकते हैं। इस गेस्ट हाउस के चौकीदार का एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें गेस्ट हाउस का चौकीदार जेब भरने के लालच में कुछ लोगों को गेस्ट हाउस में ठहराने की बात कर रहा है। हाथ में पैसे लिए खड़े इस चौकीदार का नाम बृजपाल है जोकि खुद पर लगे आरोपों को नकार रहा है। वायरल वीडियो पर एसडीएम अरविंद द्विवेदी का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। आपको बता दें कि कुछ दिन पहले तीर्थ पुरोहित और नाविकों ने चौकीदार के खिलाफ हंगामा भी किया था लेकिन कोई सबूत ना मिलने के चलते कार्रवाई नहीं हो सकी थी। बताया जा रहा है कि गेस्ट हाउस में पैसे लेकर आम लोगों को ठहराया जाता है और उनकी गाड़ी भी खड़ी कराई जाती है।
चर्मरोग, एलर्जी के इलाज के लिए कॉल करें: डां. शिशिर गुप्ता: M.B.B.S ,MD 9837509509



























