हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : जनपद हापुड़ के थाना सिंभावली क्षेत्र में बकायेदारों का कनेक्शन काटने गई बिजली विभाग की टीम पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है. इस दौरान जेई गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है. वहीं एक बिजली कर्मचारी इस दौरान घायल हो गया जिसका उपचार अस्पताल में चल रहा है.
बता दें कि विद्युत विभाग ने बकायेदारों के कनेक्शन काटने का एक अभियान चलाया हुआ है. इसी क्रम में मंगलवार को रमपुरा बिजली घर से जुड़े बकायेदारों का कनेक्शन काटने के लिए टीम सिंभावली के गांव सैना पहुंची जहां दस हजार से ज्यादा के बकायेदारों का कनेक्शन काटने की प्रक्रिया को शुरू किया गया. इस दौरान कुछ लोगों ने जेई कुंवर पाल सिंह और विद्युत कर्मी अंकित शर्मा समेत टीम पर जानलेवा हमला बोल दिया. धारदार हथियारों से टीम पर वार किए. विद्युत कर्मी अंकित शर्मा घायल हो गया और जेई कुंवर पाल गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें असपताल में भर्ती कराया गया.
विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने जैसे तैसे करके अपनी जान बचाई और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया. वहीं विभाग से जुड़े अधिकारियों ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है.
































