जनपद हापुड़ की तहसील धौलाना के थाना हाफिजपुर के अंतर्गत गांव बड़ौदा सिहानी में रविवार सुबह साढ़े 8 बजे एक ऐसा हादसा हुआ जिसने एक परिवार की खुशियां ही छीन ली। मामला सहकारी डेयरी का है जहां मावा बनाने के दौरान फैक्ट्री का बॉयलर फट गया। हादसा इतना खतरनाक था कि बॉयलर कई मीटर दूर जाकर गिरा जिसमें 19 लोग घायल हो गए। घायलों को देव नंदिनी अस्पताल और मधु अस्पताल में भर्ती कराया जिनमें अधिकांश बच्चे थे। हालांकि एक पांच साल की बच्ची की इस हादसे में मौत हो गई।
मावा भट्टी के बॉयलर में अत्यधिक गैस होने के कारण ये बलास्ट हुआ। धमाके के दौरान कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। लेकिन सवाल ये खड़ा होता है कि आखिर ये बॉयलर फटा कैसे? क्या संबंधित विभाग के अधिकारियों ने फैक्ट्री का निरीक्षण किया था? क्या फैक्ट्री में मानकों का पालन किया जा रहा था? हादसे में जान गंवाने वाली बच्ची की मौत का ज़िम्मेदार कौन है? जिलाधिकारी ने घटना की मजिस्ट्रीयल जांच के आदेश दे दिए हैं। लेकिन फैक्ट्री मालिक विनीत शर्मा फरार है जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।































