हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : हापुड़ की स्वर्ग आश्रम रोड पर स्थित एक अस्पताल से जुड़ा वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में हापुड़ के नामी चिकित्सक का जिक्र करते हुए कुछ लोग पर्ची बनवाने के लिए कतार में खड़े हैं लेकिन पर्ची ना बनने पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। यह वीडियो सोशल मीडिया पर अब खूब वायरल हो रही है।
मामला दो दिन पहले का है जब आम दिनों की तरह अस्पताल के परिसर में लोग चिकित्सक को दिखाने के लिए पर्चा बनवाने के लिए कतार में खड़े हुए थे। लोगों का आरोप है कि 20 से 22 पर्चियां बनने के बाद अस्पताल के कर्मचारियों ने पर्ची बनाने से इंकार कर दिया और कहा कि आज का कोटा पूरा हो चुका है। ऐसे में लोगों ने जबरदस्त हंगामा शुरू कर दिया। लोगों ने आरोप लगाया कि चिकित्सक प्रतिदिन करीब 100 मरीज देखते हैं जिनमें से 20 पर्चियां अस्पताल से बनाई जाती है जबकि बाकी की 80 पर्चियां आसपास मौजूद मेडिकल स्टोरों से बनती है जहां पर अतिरिक्त शुल्क लिया जाता है। जब 20 से 22 पर्चियां पूरी हो गई तो लोगों ने जबरदस्त हंगामा शुरू कर दिया और कहा कि वह काफी देर से लाइन में लगे हुए हैं और नंबर आने पर उन्हें पर्ची ही नहीं दी गई। वीडियो में लोग दावा कर रहे हैं कि आसपास मौजूद मेडिकल स्टोरों से अवैध रूप से पर्चियां बनाई जाती हैं जिससे मरीजों से अतिरिक्त शुल्क वसूला जाता है। मेडिकल स्टोरों से प्रतिदिन 80 तो अस्पताल से सिर्फ 20 पर्ची ही बन पाती हैं। हंगामे के बाद अस्पताल की ओर से कुछ लोग मौके पर पहुंचे और मामला शांत कराया। वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है।



























