हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : जनपद हापुड़ के पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के एक मेडिकल कॉलेज में नवजात बच्चे की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। बताया जा रहा है कि गुस्साए परिजनों ने आईसीयू वार्ड में तोड़फोड़ भी की जिससे अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामला शांत कराया। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने चार कर्मचारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
डूहरी निवासी दिनेश तोमर ने बताया कि उसकी पत्नी लक्ष्मी को 29 सितंबर को प्रसव पीड़ा होने पर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। 30 सितंबर की सुबह लक्ष्मी ने एक बच्चे को जन्म दिया एक अक्टूबर को चिकित्सकों ने लक्ष्मी और नवजात को अस्पताल से छुट्टी दे दी लेकिन शनिवार की दोपहर नवजात की तबियत अचानक बिगड़ने से उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। नवजात के पिता दिनेश का आरोप है कि इस दौरान अस्पताल ने इलाज में लापरवाही बरती जिसके चलते बच्चे की मौत हो गई। इसी के साथ दिनेश ने और भी कई आरोप अस्पताल प्रशासन पर लगाए।
गुस्साए ग्रामीणों ने आईसीयू वार्ड में तोड़फोड़ कर दी। मौके पर अफरा तफरी मच गई। मामले की जानकारी मिलने पर क्षेत्राधिकारी तेजवीर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामला शांत कराया। नवजात बच्चे के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने परचिकित्सक तौसीफ, मदन, स्टाफ कर्मचारी सुखबीर और अजय के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं अस्पताल महाप्रबंधक का कहना है कि जिस समय महिला और नवजात को छुट्टी दी गई थी। दोनों पूरी तरह स्वस्थ थे और अस्पताल में बच्चा मृत अवस्था में लाया गया था। जिन लोगों ने आईसीयू में तोड़फोड़ की है उनके खिलाफ अस्पताल जल्द ही तहरीर देकर कार्रवाई करेगा।
FoodHub दे रहे हैं Free Home Delivery, अभी कॉल करें: 6398888613, 7078480342




























