हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़ की बुलंदशहर रोड पर स्थित आवास विकास कॉलोनी में त्यागी नर्सिंग होम को 9 जून को स्वास्थ्य विभाग ने सील कर दिया। त्यागी नर्सिंग होम स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के लिए गले की फांस बन गया है। चार वर्षों तक बिना पंजीकरण के चल रहा यह अस्पताल स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों पर कई सवाल खड़े कर रहा है जिस कारण विभाग की किरकिरी हो रही है। सबसे बड़ी बात तो यह है कि रजिस्ट्रेशन के बिना चलने वाले त्यागी नर्सिंग होम में ऑपरेशन भी किए जा रहे थे। मरीजों के साथ खिलवाड़ करने के मामले में लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए।
हापुड़ की बुलंदशहर रोड पर स्थित आवास विकास कॉलोनी में मौजूद त्यागी नर्सिंग होम ने 2018-19 के बाद पंजीकरण नहीं कराया। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की साठगांठ से चार वर्षों तक नर्सिंग होम बिना पंजीकरण के ही चलता रहा। जब मामला उजागर हुआ तो स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने अस्पताल को सील कर दिया। मामले में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की किरकिरी हो रही है।
































