
हापुड़ की दो शिक्षिकाओं ने एनसीईआरटी की कार्यशाला में किया प्रतिनिधित्व
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com):हिंदी पखवाड़ा के अंतर्गत केंद्रीय शैक्षिक प्रौद्योगिकी संस्थान एनसीईआरटी द्वारा दिल्ली में आयोजित दो दिवसीय कार्यशाला में हापुड़ जनपद की दो शिक्षिकाओं ने सफलतापूर्वक प्रतिनिधित्व करते हुए जिले का नाम रोशन किया। यह दो दिवसीय कार्यशाला डिजिटल शिक्षा में हिंदी भाषा एवं साहित्य विषय पर आयोजित की गई थी। इस दौरान सीआईईटी के संयुक्त निदेशक अमरेंद्र बेहरा ने कहा कि हिंदी हमारी राष्ट्रभाषा है और हमें इस बात पर गर्व होना चाहिए कि इसने भारत के साथ-साथ अन्य देशों में भी अपनी पहचान बनाई है। कार्यशाला में उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों के अध्यापक-अध्यापिकाओं ने भाग लिया। हापुड़ जनपद से शाज़िया गुल उस्मानी और भावना शर्मा ने कार्यशाला में अपनी हिंदी कविताओं से वहाँ मौजूद एनसीईआरटी के अधिकारियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से डॉ. रवींद्र कुमार, प्रभारी राजभाषा हिंदी प्रकोष्ठ और श्री नीलकंठ, प्रभारी हिंदी प्रकोष्ठ उपस्थित रहे। कार्यक्रम का अध्यक्षीय उद्बोधन प्रो. फ़ारुख़ अंसारी, भाषा शिक्षा विभाग, एनसीईआरटी द्वारा किया गया। एनसीईआरटी की इस हिंदी कार्यशाला में हापुड़ का प्रतिनिधित्व करने पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रितू तोमर ने दोनों अध्यापिकाओं को बधाई दी है। जिस पर ज़िले के अन्य शिक्षकों ने भी खुशी व्यक्त की है।
मेकअप कराओ और चांदी का सिक्का फ्री ले जाओ: 7417707350































