हापुड़, सीमन/अशोक तोमर, अमित कुमार (ehapurnews.com) : हापुड़ पुलिस और एसओजी टीम ने डिग्गीमार गैंग के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है जिनके कब्जे से पुलिस ने एक लाख 22 हजार 50 रुपए नकद, दो मोबाइल फोन, दो मोटरसाइकिल और अवैध असलहा बरामद किया है. आरोप है कि गैंग के सदस्य गाड़ियों का शीशा तोड़कर और बाइकों में रखी नकदी को चुरा लेते थे.
बता दें कि जनपद हापुड़ के थाना हापुड़ कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत 29 अप्रैल को एक मामला सामने आया था जहां एचपीडीए कार्यालय के सामने खड़ी गाड़ी का शीशा तोड़कर चोर ने हेमराज त्यागी की गाड़ी से नोटों से भरा बैग उड़ा लिया था जिसमें दो लाख 25 हजार रुपए रखे हुए थे. मामले से जुड़ा सीसीटीवी भी सामने आया था. मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की और एसओजी के साथ मिलकर दोनों आरोपियों तक पहुंची.
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने गुरुवार को बताया कि गिरफ्तार किए गए बदमाशों का नाम सुनील तथा संजय है जोकि मुरादाबाद के थाना मंझोला क्षेत्र के रहने वाले हैं. सुनील पर 31 जबकि संजय पर 16 मुकदमे दर्ज हैं. गिरफ्तार किए गए आरोपी रेकी करते थे और बैंक से पैसे निकालने वालों पर नजर रखते थे. बदमाश मौका देखकर बाइक और कार से पैसे उड़ा लेते थे. गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पुलिस ने एक लाख 22 हजार 50 रुपए नकद, दो मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन व अवैध असलहा बरामद किया है. प्राप्त जानकारी के अनुसार गिरफ्तार किए गए दोनों अभियुक्त शातिर किस्म के अपराधी हैं जिनपर जनपद हापुड़, हरदोई, फिरोजाबाद, फतेहगढ़, सहारनपुर, बागपत में चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट व हत्या के प्रयास आदि के कई मुकदमे दर्ज हैं. पुलिस और एसओजी की सफलता पर पुलिस अधीक्षक ने टीम को दस हजार रुपए का इनाम देने की घोषणा की है.


























