हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : जनपद हापुड़ के थाना धौलाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव ढ़हाना में सोमवार को बाइक सवार दो सगे भाइयों की सड़क हादसे में मौत हो गई जिससे परिवार में कोहराम मचा है. सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
बता दें कि सालेपुर कोटला निवासी 20 वर्षीय जुनेद अपने सगे भाई 22 वर्षीय सरताज के साथ पिता फजरु को खाना देने के लिए गुलावठी जा रहे थे. इसी दौरान एक कैंटर ने ओवरटेक करते समय बाइक में टक्कर मार दी. हादसा इतना जबरदस्त था कि दोनों भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई. सूचना पाकर परिजन मौके पर पहुंचे जो फूट-फूट कर रोने लगे.
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. बता दें कि फजरू राजमिस्त्री है जिसका बड़ा बेटा 22 वर्षीय सरताज बी फार्मा कर रहा था. छोटा बेटा जुनैद इंटर का छात्र था. दोनों सगे भाइयों की मौत से परिवार का सहारा छिन गया. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.




























