हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : जनपद हापुड़ के थाना हाफिजपुर पुलिस ने गांव कुराना के अपने दोस्त की हत्या के दो हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से गंडासा व तीन लाख रुपए नकद बरामद किए है। आरोपियों ने अपने मित्र की गंडासे से हत्या कर शव के अनेक टुकड़े कर दिए थे और शव के टुकड़ों को जमीन में एक गहरे गड्ढे में दबा दिया था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर जेसीबी मशीन से खुदाई कर शव को कई टुकड़ों में बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
पुलिस ने बताया कि थाना हाफिजपुर के गांव कुराना का इरफान कुराना टोल टैक्स पर फास्टैग लगाने का काम करता था। इरफान का टोल टैक्स पर फास्टैग के कार्य पर पूरी तरह एकाधिकार था। जिस कारण अन्य लोग उससे रंजिश रखने लगे। बात सोमवार की है कि जब इरफान गायब हो गया। परिवारजनों के कहने पर पुलिस ने मुकद्दमा दर्ज कर गांव कुराना के रागिव व माजिद को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की तो उन्होंने इरफान की हत्या करना स्वीकार कर लिया। हत्यारोपी रागिव व माजिद की निशानदेही पर पुलिस ने इरफान का शव कई टुकड़ों में बरामद कर लिया। इरफान का शव पुलिस ने जेसीबी मशीन से खोदकर गहरे गड्ढे से बरामद किया।
पुलिस ने बताया कि हत्यारोपियों ने स्वीकार किया है कि फास्टैग की कमाई में हिस्सेदारी को लेकर उन्होंने इरफान की हत्या की है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त गंडासा व तीन लाख रुपए नकद बरामद किए है। पुलिस ने हत्यारोपियों को मंगलवार को जेल भेज दिया है।




























