खेतों में पानी भरने से परेशान किसान ने खाया ज़हर
हापुड़, सीमन/अमित कुमार (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव छतनोरा में गांव का पानी खेतों में जाने से परेशान 27 वर्षीय किसान मोहित पुत्र वीर सिंह ने जहर खा लिया। किसान पिछले नौ महीने से प्रशासनिक अधिकारियों से तालाब की भूमि को कब्जा मुक्त कराने की मांग कर रहा था लेकिन मांग पूरी न होने पर उसने आत्मदाह की चेतावनी दी जिसके बाद उसने जहर खा लिया जिसकी तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मोहित की गांव से सटी हुई ही पांच बीघा कृषि भूमि है। इसके बराबर में 380 वर्ग मीटर में तालाब के लिए सरकारी भूमि है जिस पर अन्य ग्रामीणों ने कब्जा किया हुआ है और गड्ढा खोदकर छोटा तालाब बनाया जाना है। गड्ढा ना होने के कारण गांव का गंदा पानी किसान मोहित के खेत में जा रहा था। ऐसे में उसकी फसल बर्बाद हो रही थी और आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा था। पिछले नौ महीने से वह कई बार जमीन को कब्जा मुक्त करने और उसके खेत में जा रहे पानी को रोकने की मांग कर रहा था लेकिन कार्रवाई न होने के कारण सोमवार को किसान ने अपने घर पर खेतों में डालने वाला कीटनाशक पी लिया जिसकी गंभीर हालत देखते हुए उसे सीएचसी में भर्ती कराया गया जहां से उसे मेरठ के लिए रेफर कर दिया।
सब्सिडी के साथ लगवाएं सोलर पैनल: 9897985509, 9068802851




























