हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : उत्तर प्रदेश सरकार के एक बड़े अफसर की टिप्पणी से खफा वकीलों ने बुधवार को न्यायिक कार्य से विरत रह कर हापुड़ के तहसील चौपला पर धरना देकर प्रदर्शन किया और नारे लगाए। वकीलों के धरने के कारण चारों दिशाओं को जाने वाले मार्गों पर यातायात ठप्प हो गया और पुलिस ने वाहनों का रुट डायवर्जन करा दिया।
संघर्ष समिति के आह्वान पर हापुड़ बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अजीत सिंह चौधरी की अगुवाई में अधिवक्तागण बुधवार को न्यायिक कार्य से विरत रहे और एक जुलूस के रुप में तहसील चौपला पर पहुंचे। वकीलों ने सड़क पर धरना देकर तथा मानव श्रृंखला बनाकर चारों मार्गों पर वाहनों का आवागमन ठप्प कर दिया।
वकीलों के आक्रोश को देखते हुए हापुड़ नगर व देहात, बाबूगढ़, हाफिजपुर, पिलखुवा पुलिस मौके पर पहुंच गई और वाहनों का रुट डायवर्जन कराया। पुलिस क्षेत्राधिकारी एसएन वैभव पांडे तथा उपजिलाधिकारी दिग्विजय सिंह आदि ने वकीलों को समझाने का प्रयास करते रहे, पंरतु वकील ठस-से-मस नही हुए। वकील मांग करते रहे कि डीएम मौके पर आकर ज्ञापन ले, परंतु जिलाधिकारी अधिवक्ताओं के बीच नहीं पहुंची। भाजपा के विधायक व चेयरमैन की गाड़ियां भी जाम में फंस गई और उन्हें अपने-अपने वाहन छोड़कर पैदल जाना पड़ा।
हापुड़ बार एसोसिएशन ने धोषणा की है कि गुरुवार को अधिवक्ता एक बार फिर धरना, प्रदर्शन करेंगे। अधिवक्ताओं की मांग है कि प्रदेश सरकार के प्रमुख सचिव द्वारा अधिवक्ताओं के प्रति कही गई टिप्पणी को वापिस लिया जाए।
Brainwaves Internation School में Admission के लिए काल करेंः 8279806606




























