
टिंबर व्यापारी के हुई चोरी का मामला: पड़ोसन ने अपनी सहेली व उसके भाई संग बनाई थी योजना, तीन गिरफ्तार
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना देहात क्षेत्र की स्वर्गाश्रम रोड पर स्थित इंद्रलोक कॉलोनी के रहने वाले टिंबर व्यापारी के यहां हुई चोरी का पुलिस ने करीब 10 दिन बाद खुलासा कर दिया। पुलिस को जांच के दौरान पता चला कि चोरी की योजना किसी और ने नहीं बल्कि टिंबर व्यापारी के पड़ोस में रहने वाली युवती ने अपनी सहेली और सहेली के भाई के साथ बनाई। मामले में पुलिस तीन को गिरफ्तार कर चुकी है जबकि एक आरोपी अभी भी फरार है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ईशा गुप्ता पुत्री संजीव गुप्ता निवासी मोहल्ला इंद्रलोक कॉलोनी, शालिनी उर्फ शालू और आकाश निवासी फ्रीगंज रोड स्थित मोहल्ला गोपीपुरा को दोयमी धनोरा बाईपास के पास से गिरफ्तार किया जिससे पुलिस ने चोरी किए गए पीली व सफेद धातु के आभूषण, 11,000 रुपए नकद और अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं।
दरअसल टिंबर व्यापारी कुलदीप गोयल की पत्नी मोनिका गोयल के साथ ईशा गुप्ता की मां अक्सर मंदिर आया जाया करती थी। ऐसे में ईशा का मोनिका के घर आना जाना था। ईशा और शालिनी आपस में सहेलियां हैं जो शादियों में मेकअप और मेहंदी लगाने का काम करती हैं। ईशा जानती थी कि मंदिर जाते समय मोनिका गोयल मकान की चाबी कहां रखती हैं? इसके बाद ईशा ने अपनी सहेली शालिनी के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई जिसमें शालिनी ने अपने सगे भाई आकाश और मुन्नू को भी चोरी की योजना में शामिल कर लिया।
24 मार्च की दोपहर के बाद ईशा, शालिनी, आकाश और मन्नू चारों कांफ्रेंसिंग के माध्यम से टिंबर व्यापारी के यहां चोरी की योजना बना रहे थे। इसी बीच टिंबर व्यापारी की पत्नी मोनिका गोयल चंडी मंदिर में पूजा-अर्चना करने के लिए चली गई। इसके बाद ईशा, शालिनी, आकाश ने मन्नु को उसके घर चोरी के लिए भेज दिया। ईशा के बताए स्थान पर मुन्नू को घर की चाबी मिल गई और वह यहां से करीब आठ लाख रुपए की नकदी, सोने-चांदी के गहने और अन्य सामान चुराकर फरार हो गया। क्षेत्राधिकारी ने बताया कि पुलिस टीम ने मामले में कार्यवाही करते हुए शालिनी, ईशा गुप्ता और आकाश को गिरफ्तार कर लिया जबकि फरार मुन्नू की तलाश की जा रही है।
हापुड़: पायल डिजाइनर कलेक्शन से होलसेल दामों पर खरीदे लेडीज़ कलेक्शन: 7417105068




























