हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : जनपद हापुड़ में कांवड़ यात्रा को शांति पूर्वक तथा सौहार्द पूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन व पुलिस ने पूरी तरह कमर कस ली है और कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए पुलिस ने कड़े सुरक्षा प्रबंध किए है। कांवड़ यात्रा पर ड्रोन से भी नजर रखी जाएगी। कोरोना काल के बाद इस बार कांवड यात्रा में कांवड़ियों की भीड़ उमड़ने की उम्मीद है और अंदाजा है कि हरिद्वार व ब्रजघाट से गंगाजल लेकर जनपद हापुड़ के विभिन्न मार्गों से गुजरने वाले कांवड़ियों की संख्या दस लाख को पार कर सकती है। कांवड़ यात्रा 14 जुलाई से शुरु होगी।
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने बताया कि जनपद हापुड़ बार्डर पर 15 पाइंट चिन्हित किए गए है जो सीसीटीवी कैमरों से लैस होंगे और राउंड दी क्लाक पुलिस फोर्स तैनात रहेगी। मिश्रित आबादी और संवेदनशील इलाकों में 15 अस्थाई चौकी बनाई गई है। अस्थाई पुलिस चौकी पर भी 24 घंटे पुलिस तैनात रहेगी। जनपद के तीनों सर्किलों हापुड़, गढ़ व पिलखुवा में ड्रोन कैमरों से निगरानी की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बिना अनुमति के कांवड शिविर नहीं लगेंगे और सड़क किनारे शिविर लगाने की अनुमति नहीं होगी। शिविर संयोजकों को कर्मचारियों का सत्यापन, सीसीटीवी आदि सुविधाएं उपलब्ध करानी होंगी।





























