हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना बाबूगढ़ के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार की अपराह्न हापुड़ के एक घी, तेल व्यापारी के मुनीम से दिनदहाड़े हुई तीन लाख रुपए की लूट से व्यापारियों में हड़कंप मच गया और हापुड़ के व्यापारी लुटेरों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाना बाबूगढ़ पर एकत्र हो गए। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर व अपर पुलिस अधीक्षक सर्वेश मिश्र ने घटना स्थल का दौरा कर थाना बाबूगढ़ को बदमाशों को शीघ्र पकड़ने का आदेश दिया है।
Our Trending: VIDEO: सैक्स रैकेट में गिरफ्तार हापुड़ का वाणिज्यकर अधिकारी धन कहां से जुटाता था?
प्राप्त जानकारी के अनुसार हापुड़ के मंडी पाटिया पर स्थित घी व तेल व्यापारी सुशील ट्रेडिंग कम्पनी का मुनीम प्रमोद शर्मा गुरुवार की अपराह्न गढ़मुक्तेश्वर से करीब साढ़े तीन लाख रुपए की उगाही कर के वेगनआर कार से हापुड़ लौट रहा था कि कुचेसर के पास एक अन्य कार में सवार बदमाशों ने ओवरटेक कर वेगनआर कार को रोक लिया और तमंचे के बल पर प्रमोद से नोटों का थैला छिन पर फरार हो गए। थेले में करीब साढ़े तीन लाख रुपए थे। व्यापारी के साथ हुई लूटपाट की सूचना पाकर संयुक्त व्यापारी मंडल हापुड़ के अध्यक्ष ललित छावनी वाले व हापुड़ उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के अध्यक्ष बिजेंद्र पंसारी सहित सैकड़ों व्यापारी थाना बाबूगढ़ पहुंच गए और उन्होंनें लुटेरों को शीघ्र पकड़ने की मांग की।
























