चार सरकारी पेड़ काटकर ले गए चोर
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना बाबूगढ़ कोतवाली क्षेत्र के गांव रमपुरा में चोरों ने सरकारी पेड़ों को निशाना बनाया और चार शीशम के पेड़ काट कर ले गए। चोरों ने एक नीम का पेड़ भी काटा जिसे वह खेतों में छोड़कर ही भाग खड़े हुए। सोमवार की सुबह जब ग्रामीण खेतों में पहुंचे तो उन्हें मामले की जानकारी हासिल हुई जिसके बाद उन्होंने पुलिस को मामले से अवगत कराया। बताया जा रहा है कि ट्यूबवेल विभाग के यह पेड़ थे जिसके अधिकारियों ने पुलिस को तहरीर दी है। वन क्षेत्राधिकारी मुकेश चंद्र कांडपाल ने बताया कि वन विभाग भी विभागीय कार्रवाई में जुट गया है।
रविवार की रात को पेड़ तस्कर किसी समय गांव रमपुरा पहुंचे और बिट्टू पुत्र भोपाल चौधरी के खेत के पास स्थित सरकारी नाली पर लगे पांच पेड़ों को काट दिया। काटे गए पेड़ों में से चार शीशम और एक नीम का है। चोर नीम के पेड़ को छोड़कर शीशम के चारों पेड़ लेकर फरार हो गए। सोमवार को जब किसान खेतों पर पहुंचे तो मामले की जानकारी हासिल हुई। उन्होंने बताया कि चोरों ने इस दौरान खेतों में लगी फसल को भी नुकसान पहुंचाया है।
ग्रामीणों ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। बताया जा रहा है कि यह पेड़ ट्यूबेल विभाग के है जिनके अधिकारियों की तहरीर पर पुलिस छानबीन में जुट गई है। फॉरेस्ट रेंजर मुकेश चंद्र कांडपाल ने बताया कि उन्होंने वन विभाग की टीम का गठन कर मौके पर भेजा। वन विभाग भी जांच कर विभागीय कार्रवाई कर रहा है और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

























