हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के गांव परतापुर में चोरों ने बंद मकान को अपना निशाना बनाया और जमकर तांडव मचाया। इस दौरान चोरों ने घर में घुसकर ताले तोड़कर लाखों रुपए का सामान चोरी कर लिया। परिजन जब वापस पहुंचे तो घर में सामान बिखरा हुआ देख उनके होश उड़ गए। चोर करीब डेढ़ लाख रुपए का सामान लेकर फरार हो गए।
गांव परतापुर निवासी किसान राजकुमार खेती कर परिवार का भरण पोषण करते हैं जो कि मंगलवार को अपने बहनोई के सेवानिवृत्त होने पर गाजियाबाद के भीकनपुर गए हुए थे। इसी बीच चोरों ने घर में दाखिल होकर ताला तोड़कर कीमती सामान और नकदी पर हाथ साफ कर दिया।
बुधवार सुबह पड़ोसियों ने जब राजकुमार को मामले की जानकारी दी तो वह तुरंत अपने घर की ओर दौड़े और घर में बिखरा हुआ सामान देख उन्होंने पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई।
























