हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : जनपद हापुड़ के थाना पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत चोरों के हौंसले दिन पर दिन बुलंद होते जा रहे हैं। चोरों में खाकी का कोई भय नहीं है। रविवार की रात को चोरों ने पिलखवा क्षेत्र के गांव परतापुर में खेतों में लगे सात ट्रांसफार्मरों में रखा सामान चुरा लिया और ट्रांसफार्मर खेतों में फेंक कर फरार हो गए। सोमवार की सुबह जब ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो खेतों में ट्रांसफार्मर पड़े देख वह दंग रह गए जिसके बाद उन्होंने पुलिस और विद्युत विभाग को मामले से अवगत कराया। चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।
ग्रामीणों का कहना है कि चोर कभी तार चुरा लेते हैं तो कभी ट्रांसफार्मर में रखा सामान। चोरों ने इस बार बिजली विभाग द्वारा स्थापित किए गए ट्रांसफार्मरों को ही उतार लिया और उनमें रखा तेल, तार चुरा लिया। ट्रांसफार्मर को खेतों में फेंक कर भाग खड़े हुए। ग्रामीणों ने बिजली विभाग के अधिकारियों को मामले से अवगत कराया और पुलिस से पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग की। फिलहाल जिस तरह से चोरों ने 7 ट्रांसफार्मर में रखे सामान को चोरी किया है। उसे देखकर ग्रामीणों में काफी गुस्सा है। चोरों की करतूत से क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति पर भी काफी असर पड़ा है।
































