
रक्षाबंधन पर रहेंगे सुरक्षा के कड़े प्रबंध : डीआईजी
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): रक्षा बंधन पर्व को लेकर पुलिस ने जनपद में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए हैं। जनपद के बाजारों और भीड़ भाड़ वाले इलाकों में 11 एन्टी रोमियो स्कवॉड तैनात रहेंगे। इसके अलावा बाजारों में पुलिस टीम गश्त बढ़ा दी गई है। जनपद में लगने वाले 5 मेलों में भी सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। इसको लेकर डीआईजी कलानिधि नैथानी ने जनपद के पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने के निर्देश दिए हैं।
डीआईजी कलानिधि नैथानी ने बताया कि रक्षा बंधन पर्व के कुछ दिन पूर्व ही बाजारों में राखियों की दुकानों और मिठाईयों की दुकानें देर रात कर खुलती है। बाजारों में एवं आवागमन के रास्तों में महिलाओं की अधिक भीड़ होने के कारण छेड़-छाड़, चेन स्नैचिंग, लूट आदि की घटनाओं के घटित होने की आशंका बढ़ जाती है। इसे ध्यान में रखते हुए हापुड़ जनपद में 11 टीमें लगाई गई है जो मनचलों, जेब कतरों, चोर, चेन स्नेचर पर पैनी निगाह रखेंगी। बस स्टेशन, रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध रहेंगे। यातायात व्यवस्था को बेहतर रखने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने निर्देश दिए हैं कि सभी थाना प्रभारी स्वयं गश्त करेंगे और प्रत्येक छोटी से छोटी सूचना को गम्भीरता से लेकर तत्परता से कार्यवाही करें, ताकि कोई छोटी से छोटी घटना बड़ा रूप न ले सके। जनपदीय अभिसूचना तन्त्र को और अधिक सक्रिय एवं सतर्क कर दिया जाये। जनपदीय नियंत्रण कक्ष तथा सोशल मीडिया सेल को सक्रिय व सतर्क करने के भी निर्देश दिए हैं।
एक फोन पर कराएं सीवर सैप्टिक टैंक की मशीन द्वारा सफाई: 9219695264






























