
पीईटी की परीक्षा देने के लिए दो प्रवेश पत्र बनवाने वाला पकड़ा गया
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): पीईटी परीक्षा में शामिल होने हापुड़ पहुंचा एक ऐसा अभ्यर्थी पकड़ा गया जिसने दो प्रवेश पत्र बनवाए थे। फर्जी दस्तावेजों के जरिए दो प्रवेश पत्र बनवाकर वह पीईटी की परीक्षा देने आया जिसे हापुड़ के डीपीएस में केंद्र पर पकड़ लिया गया। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
जिलाधिकारी हापुड़ अभिषेक पांडे ने बताया कि रविवार को जनपद के 15 केंद्रों पर दो पालियों में पीईटी की परीक्षा आयोजित हुई। दूसरी पाली में डीपीएस में सहारनपुर निवासी सुनील कुमार प्रजापति पुत्र विजयपाल प्रजापति परीक्षा देने आया। जैसे ही बायोमेट्रिक हुई तो लखनऊ मुख्यालय से अलर्ट आ गया तो पता चला कि अभ्यर्थी शनिवार को भी मेरठ में परीक्षा में शामिल हो चुका है। जब उसके प्रवेश पत्र को टटोला और पुराने से मिलाया तो काफी भिन्नता पाई गई। जो परीक्षा उसने मेरठ में दी थी उसमें सुनील कुमार पुत्र विजयपाल और जन्मतिथि 2 सितंबर 1987 थी जबकि हापुड़ में सुनील कुमार प्रजापति पुत्र विजयपाल प्रजापति जन्मतिथि 12 अगस्त 1996 लिखी थी। सूचना पर एडीएम संदीप सिंह, एसडीएम ईला प्रकाश मौके पर पहुंचे और अभ्यर्थी को पकड़ लिया। इसके बाद उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अभ्यर्थी ने दो-दो बार 10वीं और 12वीं की परीक्षा पास की है। मामले की जांच जारी है।
एलर्जी, चर्म रोग, गुप्त रोग के लिए अब रविवार को भी डॉक्टर शिशिर गुप्ता से लें परामर्श: 8979824365



























