
कार सवार दबंगों ने मेडिकल कॉलेज के गार्डों के साथ की मारपीट
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र में स्थित जीएस मेडिकल कॉलेज परिसर में 25 जनवरी की रात कार सवार युवकों ने गार्ड्स के साथ मारपीट कर गाली-गलौज किया। अस्पताल के उपनिदेशक अंकित विज ने बताया कि देर रात करीब 12:46 पर लाल रंग की गाड़ी मेडिकल परिसर में घुस आई। ड्यूटी पर तैनात गार्ड रोहित कुमार, सुरेश पाल और हर्ष कुमार ने गाड़ी खड़ी करने के संबंध में पूछताछ की तो कार सवार उग्र हो गए। आरोप है कि आरोपियों ने खुद को किसी संस्था से जुड़ा बताते हुए गार्ड्स के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते-देखते आरोपियों ने धक्का मुक्की और मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान गार्ड रोहित कुमार को चोट आई है। हालात तब और बिगड़ गए जब आरोपियों ने गाड़ी तेज कर गार्ड पर चढ़ाने की कोशिश की। उपनिदेशक ने कोतवाली में तहरीर दी जिसके बाद पुलिस मुकदमा दर्ज कर सभी तथ्यों की जांच कर रही है।
अपने बच्चे की गणित की क्षमता को बढ़ाएँ। अपने बच्चे की एकाग्रता कौशल में सुधार लाएं। आज ही ज्वाइन करें SIP Abacus Hapus. फ्री ट्रायल क्लास के लिए सम्पर्क करें: 6396456731
























